Railway News: रांची से लोहरदगा के बीच रेल यात्रा को बेहतर बनाने की दिशा में नई ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है. इस संबंध में प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है और इसके जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. यह जानकारी हटिया स्थित रेल मंडल कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान डीआरएम करुणानिधि सिंह ने दी.
उन्होंने बताया कि इस नई सेवा के शुरू होने से रांची और लोहरदगा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ मार्ग में पड़ने वाले अन्य स्टेशनों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा. साथ ही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के रखरखाव की जिम्मेदारी भी रांची मंडल को मिल चुकी है.
रेलवे के आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत अमृत भारत स्टेशन योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है. पिस्का, मुरी और लोहरदगा स्टेशनों के निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं. रांची स्टेशन के यार्ड के पुनर्विकास का काम भी लगभग पूरा हो गया है, जहां अतिरिक्त प्लेटफॉर्म और नई लाइन जोड़ने की योजना है.
अधिकारियों के अनुसार पिछले वित्तीय वर्ष में रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कई कार्य किए गए. करीब 87 किलोमीटर रेल ट्रैक का नवीनीकरण किया गया और सभी स्टेशनों पर यात्री सूचना प्रणाली स्थापित की गई. इन सुधारों के बाद स्टेशनों की क्षमता बढ़ी है और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं.
इसके अलावा यात्री संख्या में भी करीब 2.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि सिग्नलिंग फेल्योर में 12 प्रतिशत की कमी आई है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में और भी विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे यात्रा और अधिक सुगम हो सके.