Railway News: भारतीय रेलवे के सफर के दौरान एक बेहद मानवीय और सुखद घटना सामने आई, जिसने यात्रियों के साथ-साथ रेलवे कर्मचारियों की संवेदनशीलता की मिसाल पेश की. रायपुर से शालीमार जा रही 12101 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में एक गर्भवती महिला ने चलती ट्रेन में ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया.
खड़गपुर से ट्रेन छूटते ही बिगड़ी स्थिति
जानकारी के मुताबिक, मिनारा मोल्ला नाम की महिला स्लीपर कोच (S4) में सफर कर रही थीं और उनका गंतव्य शालीमार था. यात्रा सामान्य रूप से चल रही थी, लेकिन जैसे ही ट्रेन खड़गपुर जंक्शन से आगे बढ़ी, उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. स्थिति गंभीर होती देख कोच में मौजूद यात्रियों के बीच चिंता बढ़ गई.
रेलवे स्टाफ और RPF जवानों ने संभाला मोर्चा
महिला की हालत को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात टीटीई और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान तुरंत सक्रिय हो गए. उन्होंने बिना समय गंवाए महिला को हर संभव सहायता दी और प्रसव के लिए जरूरी इंतजाम किए. उनकी तत्परता और सूझबूझ के चलते महिला ने ट्रेन के डिब्बे में ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया. बच्ची के जन्म के साथ ही कोच में खुशी का माहौल बन गया.
शालीमार स्टेशन पर मिला तुरंत इलाज
ट्रेन के शालीमार स्टेशन पहुंचते ही पहले से तैयार मेडिकल टीम ने मां और नवजात को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा. इसके बाद दोनों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई. डॉक्टरों के अनुसार मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं.
हर तरफ हो रही सराहना
इस घटना ने रेलवे कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और मानवता को उजागर किया है. कठिन परिस्थिति में भी जिस तरह से उन्होंने स्थिति को संभाला, उसकी हर तरफ तारीफ हो रही है. यात्रियों ने भी रेलवे स्टाफ और RPF जवानों के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की है.