Palamu News: पलामू में जमीन विवाद को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर थाना क्षेत्र के पांकी रोड स्थित चरखी भट्टा के पास आपसी रंजिश में अंधाधुंध फायरिंग की गई। इस जानलेवा हमले में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संवेदक (ठेकेदार) संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
भतीजे पर लगा पूजा के लिए जाते समय गोली मारने का आरोप
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि संजय तिवारी अपने घर के पास स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान उनके भतीजे प्रीतम तिवारी ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे संजय तिवारी के सीने के नीचे जा लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर, आरोपी की तलाश में पुलिस
परिजनों ने आनन-फानन में घायल ठेकेदार को मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि संजय तिवारी और उनके गोतिया परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।