Palamu News: पलामू के शहर थाना पुलिस ने बच्चों के गले से सोने के लॉकेट काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए सोने के दो लॉकेट भी बरामद किए हैं। मामले की जानकारी शनिवार को सदर एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता में दी गई।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
एसडीपीओ ने बताया कि शहर थाना क्षेत्र में एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काटकर चोरी करने की घटना सामने आई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पहाड़ी मोहल्ला और साहित्य समाज चौक से हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने पहाड़ी मोहल्ला निवासी सानु आलम, समीर आलम तथा साहित्य समाज चौक निवासी सूर्यप्रताप कुमार उर्फ अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
निशानदेही पर बरामद हुए चोरी के दो सोने के लॉकेट
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने के दो लॉकेट बरामद किए। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनका संबंध किसी बड़े चोरी गिरोह से तो नहीं है।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस, बढ़ाई गई निगरानी
एसडीपीओ ने बताया कि तीनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि बच्चों और महिलाओं को निशाना बनाकर होने वाली चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए शहर में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल राज रजवार भी मौजूद थे।