Palamu News: पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना बस पड़ाव इलाके में देर रात एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. गोतिया के बीच चल रहे झगड़े के दौरान हुई फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. घायल रोहित सिंह को कमर के नीचे गोली लगी है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है.
घर में घुसकर की फायरिंग, बचाने आया था भतीजा
घटना के संबंध में स्वर्गीय बिहारी सिंह की पत्नी रीता देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके गोतिया विनय सिंह समेत छह लोग अचानक उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे. विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई और इसी बीच विनय सिंह ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी. अपनी चाची रीता देवी को बचाने के लिए जब भतीजा रोहित सिंह आगे आया, तो गोली उसे जा लगी. गोली उसकी कमर के नीचे लगकर शरीर के पार निकल गई.
6 लोगों पर FIR, पुलिस की छापेमारी जारी
पुलिस ने इस मामले में रीता देवी की शिकायत पर विनय सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है. घटनास्थल पर पहुंची सतबरवा थाना पुलिस ने वहां से गोली का खोखा बरामद किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा. फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में और सामान्य बताई जा रही है.