Jamshedpur News: वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एमजीएम थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने फर्जी इनवॉइस के जरिए अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप को बाजार में खपाने की साजिश को नाकाम करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान राजीव कुमार रंजन उर्फ रंजन (उम्र करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है. गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से हजारीबाग का रहने वाला है और वर्तमान में जमशेदपुर के ओलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई में रह रहा था.
गश्ती के दौरान पकड़ा गया अवैध कारोबार
यह सफलता तब मिली जब 1 मार्च को एमजीएम थाना की पुलिस एनएच-33 पर गश्ती कर रही थी. डिमना चौक की ओर गश्त के दौरान पुलिस ने मुखियाडांगा के पास देखा कि एक पिकअप वैन (JH05CM 9981) से शराब के कार्टून नीचे गिरे हुए हैं और कुछ लोग उन्हें दूसरी टाटा एस गाड़ी (JH05BD 8790) में लोड कर रहे हैं. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर राजीव कुमार रंजन को पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने खुद को शराब कारोबारी सोनू गुप्ता का मुंशी बताया.
फर्जी कागजातों का खेल
जांच के दौरान आरोपी ने पुलिस को एक इनवॉइस दिखाया, जिसकी वैधता 28 फरवरी को ही समाप्त हो चुकी थी. इतना ही नहीं, इनवॉइस पर दर्ज गाड़ी का नंबर और मौके पर मौजूद गाड़ी का नंबर भी अलग-अलग पाया गया. आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दुकान संचालक, डिपो प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर और गाड़ी मालिक की मिलीभगत से फर्जी चालान बनाकर बाजार में शराब की खेप खपाने का काम करता था. वह पुलिस को भ्रमित करने के लिए पुराने और फर्जी दस्तावेजों का सहारा ले रहा था.
भारी मात्रा में शराब और वाहन बरामद
पुलिस ने मौके से विभिन्न ब्रांडों की सैकड़ों लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है . बरामद शराब में स्टर्लिंग रिजर्व, मैकडॉवेल्स नंबर-1, 8 पीएम ब्लैक, 100 पाइपर्स, मैजिक मोमेंट्स, जेमसन, रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंज जैसे नामी ब्रांड शामिल हैं. इसके अलावा किंगफिशर, स्टोक और लेमाउंट ब्रांड की बीयर भी बड़ी मात्रा में जब्त की गई है. पुलिस ने शराब के साथ-साथ एक पिकअप वैन, एक टाटा एस वाहन और फर्जी इनवॉइस की 10 पन्नों की प्रति भी जब्त की है.
छापामारी टीम
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम का नेतृत्व एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास कर रहे थे. टीम में पुलिस अवर निरीक्षक प्रदीप वर्मा, सुगना मुण्डा, सहायक अवर निरीक्षक नरेन्द्र बिहारी सिंह सहित हवलदार विनय शंकर तिवारी और आरक्षी हृदय कुमार झा एवं विनोद महतो शामिल थे. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.