Pakur: पाकुड़ सदर प्रखंड के संग्रामपुर गांव में दो माह के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हत्या का मामला सामने आया है. बच्चे की गला घोंटकर हत्या किए जाने की सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मामले में बच्चे की मां ने अपने पति सारजेन शेख पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं, पिता ने अपनी सास को घटना के लिए जिम्मेदार बताया है. अलग-अलग आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पूछताछ में सामने आए अलग-अलग आरोप
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए. पुलिस को आशंका है कि इन बयानों के जरिए जांच को भटकाने की कोशिश की जा रही थी. इसके बाद बच्चे के पिता सारजेन शेख, उसकी मां और नानी को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस फिलहाल घटना की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है.
पति-पत्नी के बीच विवाद की भी जानकारी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सारजेन शेख और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. मंगलवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान आसपास के लोगों ने शोर सुना और मौके पर पहुंचे. घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी. थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और बच्चे का शव अपने कब्जे में लिया.
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संग्रामपुर से दो माह के बच्चे की गला घोंटकर हत्या की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल बच्चे की मौत के पीछे वास्तविक वजह और घटना में किसकी भूमिका है, इसे लेकर पुलिस तीनों हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.