Pakur: पाकुड़ के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में 8 जुलाई को हुई महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को निरुद्ध किया हैं. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किए गए हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। इस टीम में अमड़ापाड़ा थाना पुलिस के अलावा तकनीकी शाखा, रांची की फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और डॉग स्क्वाड की टीम को भी शामिल किया गया।
तकनीकी और वैज्ञानिक जांच से मिली सफलता
पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस, वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया. जिसने पूछताछ में घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य बताए। पुलिस के अनुसार, नाबालिग की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी, खून से सना एक शर्ट तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामद सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। बरामद साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।