Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-07

National Weather Update: IMD का बड़ा अलर्ट, उत्तर भारत में 5 दिन तक शीतलहर और घना कोहरा

National Weather Update: घर से निकलने से पहले मौसम विभाग की चेतावनी जरूर जान लें. उत्तर भारत में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है और अगले पांच दिनों तक शीतलहर और कोहरे का असर तेज रहने वाला है. आसमान साफ होने और धूप निकलने के बावजूद कड़ाके की ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान लगातार नीचे जा रहा है और आईएमडी ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली-एनसीआर में आज न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है
रविवार को दिसंबर की सबसे ठंडी सुबह दर्ज होने का अनुमान है. दिल्ली-एनसीआर में आज न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. सुबह और देर शाम के समय ठंडी हवाओं की वजह से शीतलहर का प्रभाव साफ नजर आ रहा है. अगले पांच दिन घना कोहरा भी लोगों की मुश्किल बढ़ा सकता है.

दिल्ली में वायु गुणवत्ता 333 AQI
दिल्ली में ठंड के साथ प्रदूषण की दोहरी मार पड़ रही है. वायु गुणवत्ता 333 एक्यूआई पर पहुंच गई है जो बहुत खराब श्रेणी में आती है. कई इलाकों में धुंध छाई है और दृश्यता कम हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार सुबह हल्का कोहरा और बादल छाने की संभावना है. अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. उत्तर पश्चिम से चलने वाली ठंडी हवाएं तापमान में और गिरावट ला सकती हैं. सात और आठ दिसंबर तक हालात में कुछ सुधार हो सकता है. अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री के बीच रह सकता है.

झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में शीतलहर
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में भी ठंड का असर बढ़ रहा है. पश्चिमी और पूर्वी एमपी, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में सात और आठ दिसंबर को शीतलहर चल सकती है. झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी सात दिसंबर को तापमान गिरने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में पारा लगातार नीचे जा रहा है. कई जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक रिकॉर्ड हुआ है. लखनऊ में मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है.

आईएमडी का अनुमान
आईएमडी ने कहा है कि कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रह सकता है. रविवार तक हल्की धुंध रहने की चेतावनी है. 11 दिसंबर तक सुबह कोहरा बना रह सकता है. उत्तर पश्चिम की तरफ से चलने वाली हवाएं दिल्ली में प्रदूषण में थोड़ी राहत दे सकती हैं लेकिन ठंड बढ़ाएंगी.

स्वास्थ्य और यात्रा दोनों के लिए सावधानी जरूरी
उत्तर भारत में सर्दी इस बार तेजी से और सामान्य से अधिक तीव्रता के साथ बढ़ रही है. कोहरा, प्रदूषण और ठंड का संयुक्त असर लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है. आने वाले दिनों में स्वास्थ्य और यात्रा दोनों के लिए सावधानी जरूरी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !