Latehar News: लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के गुरतुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे 65 वर्षीय केशव राम की टांगी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला सुनीता कुमारी को हत्या में प्रयुक्त टांगी के साथ गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
बेटे ने हत्या के पीछे साजिश का जताया शक
मृतक के बेटे सुकुल राम ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान 10 से 20 ग्रामीण मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने उनके पिता को बचाने की कोशिश नहीं की। उन्होंने बताया कि उनके पिता ओझागुनी का काम करते थे और गांव में पहले हुई एक बैठक में एक लाख रुपये की डील का भी मामला सामने आया था। उनका दावा है कि हमले के बाद उनके पिता तालाब से करीब एक किलोमीटर तक जान बचाकर भागे, लेकिन घर में घुसने के बाद उनकी हत्या कर दी गई।
हत्या में कई लोगों की संलिप्तता का आरोप
वहीं मृतक के भतीजे उमेश राम ने रोशन भुइया, नेपाली गंजू, दसरथ गंजू समेत कई लोगों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केशव राम ढोल-बाजा बजाने का काम करते थे और पैसे के लेन-देन या पूर्व नियोजित साजिश के चलते उनकी हत्या की गई। परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला द्वारा लगाए गए पुराने रंजिश के आरोपों सहित सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।