Dimple Yadav On LPG Shortage: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने एलपीजी की कमी को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव में भारत ने ईरान का साथ नहीं दिया, जिसकी वजह से देश में गैस की किल्लत हो रही है।
ईरान से दूरी का जनता पर असर
डिंपल यादव ने कहा कि ईरान कई सालों से भारत का अच्छा दोस्त रहा है। लेकिन इस बार सरकार ने उसका साथ नहीं दिया, और अब इसका असर आम लोगों पर दिख रहा है। उन्होंने बताया कि लोगों को एक महीने पहले बुकिंग करने के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
पश्चिम एशिया संकट के बीच उठाया गया LPG का मुद्दा
मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने यह मुद्दा ऐसे समय उठाया है, जब एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में पश्चिम एशिया के हालात पर चिंता जताई थी।
पीएम मोदी ने कहा युद्ध से सप्लाई प्रभावित, बातचीत से ही निकलेगा समाधान
पीएम मोदी ने कहा कि ये समय भारत के लिए चुनौतीपूर्ण है। युद्ध की वजह से तेल और गैस की सप्लाई और व्यापार पर असर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध किसी समस्या का हल नहीं है, और बातचीत से ही शांति का रास्ता निकल सकता है।
महिला आरक्षण पर सरकार से साफ जवाब की मांग की
महिला आरक्षण पर सवाल पूछे जाने पर डिंपल यादव ने कहा कि सरकार को अपना प्लान साफ करना चाहिए। अगर विपक्ष को जानकारी ही नहीं होगी, तो वे अपनी राय कैसे देंगे।
महंगाई और गैस संकट पर फिर घेरा सरकार को
डिंपल यादव ने यह भी कहा कि इससे पहले भी उन्होंने महंगाई और गैस की समस्या को लेकर सरकार को घेरा था। उनका आरोप है कि सरकार जनता की दिक्कतों को मानने के लिए तैयार नहीं है और विदेश नीति में भी सही तरीके से काम नहीं कर रही।
संकट के बीच भारत का शांति संदेश, नागरिकों की सुरक्षा पर फोकस
भारत सरकार ने इस पूरे संकट के बीच शांति का संदेश दिया है और युद्ध प्रभावित इलाकों से भारतीयों को सुरक्षित निकालने की बात कही है।