Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-06

Khunti News: खूंटी में बच्चा चोरी की अफवाह पर भड़की भीड़, युवक की बेरहमी से पिटाई

Khunti: झारखंड के खूंटी जिले में बच्चा चोरी की अफवाह के चलते एक युवक को भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा। यह घटना रनिया थाना क्षेत्र के सोदे गांव में गुरुवार शाम की है। जहां संदेह के आधार पर ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर सुरक्षित बाहर निकाला।

संदेह के बाद फैल गई अफवाह
स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ ग्रामीणों ने एक युवक को एक छोटे बच्चे के साथ कोयल नदी की ओर जाते देखा। इस दौरान लोगों को उस पर शक हुआ और गांव में यह खबर फैल गई कि वह बच्चा चोर हो सकता है। देखते ही देखते यह बात पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए।

पेड़ से बांधकर की पिटाई
गुस्साए ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया, वहीं मौके पर मौजूद कुछ महिलाओं ने भी युवक के साथ मारपीट की। युवक लगातार खुद को निर्दोष बताता रहा, लेकिन भीड़ ने उसकी एक नहीं सुनी।

पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया
घटना की सूचना मिलते ही रनिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को भीड़ के चंगुल से बाहर निकाला। पूछताछ में युवक की पहचान सोदे गांव के रहने वाले लच्छु कुमार के रूप में हुई है, जो ट्रक में खलासी का काम करता है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नशे की हालत से बढ़ा संदेह
पुलिस की शुरुआती जांच में बच्चा चोरी जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार ने बताया कि युवक नशे की स्थिति में था, जिससे लोगों को उस पर शक हुआ और मामला अफवाह का रूप ले बैठा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

लोगों से पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर तुरंत भरोसा न करें। किसी व्यक्ति पर संदेह होने की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि उचित जांच और कार्रवाई की जा सके।

जागरूकता जरूरी
अफवाहों के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ हिंसा करना न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि कई बार निर्दोष लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। इसलिए समाज में जागरूकता बेहद जरूरी है कि बिना सच्चाई जाने किसी भी बात पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !