Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-20

Khan Sir Patna Court News: खान सर को फिलहाल राहत, फायरिंग मामले में गिरफ्तारी पर लगी रोक बरकरार

Khan Sir Patna Court News: पटना के चर्चित फायरिंग मामले में खान सर को एक बार फिर अदालत से राहत मिली है. शनिवार को हुई सुनवाई के दौरान पटना सिविल कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर पहले से लगी रोक को जारी रखने का निर्देश दिया. इस दौरान खान सर और उनके सुरक्षा कर्मियों की ओर से जमानत याचिका भी दाखिल की गई. पुलिस ने मामले से जुड़ी ताजा केस डायरी अदालत के सामने रखी, जिसके बाद दोनों पक्षों को सुनकर अगली तारीख तक अंतरिम सुरक्षा बनाए रखने का फैसला सुनाया गया.


कोचिंग सेंटर में हंगामे के बाद दर्ज हुआ था मामला

यह मामला 2 जून की रात मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज में हुए विवाद से जुड़ा है. उस दौरान कोचिंग संस्थान के बाहर पत्थरबाजी और हंगामे की घटना सामने आई थी. आरोप है कि इसी दौरान खान सर के दो गार्ड्स ने हवा में दो दो राउंड फायरिंग की थी. शिकायतकर्ताओं का दावा था कि यह कदम खान सर के कहने पर उठाया गया था. इसके बाद पुलिस ने एफआईआर में फैसल खान उर्फ खान सर का नाम भी शामिल कर लिया.


रोशन आनंद की गिरफ्तारी से लेकर नए आरोपों तक बढ़ा विवाद

मामले में ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के संचालक रोशन आनंद को भी आरोपी बनाया गया था और शुरुआती कार्रवाई में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था. बाद में उनके भाई प्रिंस यादव की मौत के बाद अदालत से उन्हें जमानत मिल गई और वह जेल से बाहर आ गए. इसी बीच नेपाल के एक होटल में प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने मामले को नया मोड़ दे दिया. रोशन आनंद ने सार्वजनिक तौर पर फैसल खान पर हत्या का आरोप लगाया.


पुलिस की कार्रवाई पर सवाल, अगली सुनवाई पर टिकी निगाहें

रोशन आनंद का आरोप है कि कदमकुआं थाने में उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई, जिसके विरोध में उन्होंने धरना भी दिया था. उनका कहना है कि उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई, जबकि उसी मामले में नाम आने के बावजूद खान सर के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए. दूसरी ओर खान सर लगातार इन आरोपों को निराधार बता रहे हैं. फिलहाल अदालत से मिली राहत के कारण उनकी गिरफ्तारी पर रोक बनी हुई है. अब इस मामले में अगली सुनवाई और जांच की दिशा पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !