Jharkhand Weather Update: बारिश ने झारखंड के कई हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। राजधानी रांची में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी, बारिश व वज्रपात ने जनजीवन को प्रभावित किया। करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा।
वज्रपात बना जानलेवा, युवक की मौत, बिजली व्यवस्था ठप
वज्रपात गिरने से बरियातु के भरम टोली निवासी युवक कन्हाई लाल की मौत हो गई। तेज आंधी के चलते कई इलाकों में पेड़ गिरने से बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे राजधानी के बड़े हिस्सों में देर रात तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
तापमान में भारी गिरावट, मौसम हुआ सुहावना
मौसम के इस बदलाव से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में 7.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 6.6 डिग्री की कमी आई। रांची का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अगले कुछ दिन राहत के संकेत
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए रांची समेत 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट है। पूर्वी और मध्य हिस्सों में 50 से 60 किमी/घंटा की तेज हवा, गरज और वज्रपात की आशंका जताई गई है। 1 से 4 मई के बीच राज्य में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश के संकेत हैं, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।