Jharkhand News : गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने बोकारो जिले में प्रस्तावित 100 बेड के ESIC अस्पताल के निर्माण में हो रही देरी को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस मुद्दे को संसद में नियम 377 के तहत उठाते हुए श्रम एवं रोजगार मंत्रालय को पत्र लिखकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है।
अस्पताल निर्माण के लिए 5 एकड़ जमीन अब तक नहीं उपलब्ध
सांसद चौधरी ने अपने पत्र में कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) द्वारा राज्य सरकार को पहले ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए पत्र भेजा जा चुका है, इसके बावजूद अस्पताल निर्माण के लिए जरूरी 5 एकड़ जमीन अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने इसे केवल प्रशासनिक देरी नहीं, बल्कि लाखों श्रमिकों, बीमित व्यक्तियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य अधिकारों पर सीधा असर डालने वाला मामला बताया।
उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना के लंबित रहने से क्षेत्र के श्रमिक वर्ग के हितों की अनदेखी हो रही है। सांसद ने केंद्र और झारखंड सरकार से आपसी समन्वय स्थापित कर बोकारो के कसमार प्रखंड या बेरमो क्षेत्र में जल्द जमीन उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि अस्पताल निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके। चौधरी ने सरकार से अपील की कि इस जनहित से जुड़े विषय को प्राथमिकता दी जाए और त्वरित व प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिससे क्षेत्र की जनता को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।