Jharkhand News : बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां तेज गति से जा रही स्कूल बस और ट्रक की टक्कर में करीब एक दर्जन स्कूली बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत डीवीसी अस्पताल, चंद्रपुरा में भर्ती कराया गया।चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक इलाज के बाद 6 बच्चों को बेहतर उपचार के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया। राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। सीटी स्कैन में भी किसी तरह की गंभीर चोट सामने नहीं आई है। बच्चों को मुख्य रूप से माथे और छाती में चोट लगी है और 2-3 दिनों में स्वस्थ होने की संभावना जताई गई है।
डीसी अजय नाथ झा ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
यह हादसा चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के राजाबेड़ा के पास हुआ। बीआरएल डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारीदह की बस ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे यह दुर्घटना हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही बोकारो के डीसी अजय नाथ झा बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डीसी ने कहा कि लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए गाइडलाइन जारी की जाएगी। बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती बच्चों में कुणाल कुमार, यक्षित चंद्रा, आदित्य कुमार, ओम कुमार, शिवम कुमार और तेजस कुमार शामिल हैं।