Jharkhand News: झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार के मोर्चे पर एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य सरकार जल्द ही राजधानी रांची में एक भव्य नियुक्ति समारोह आयोजित करने जा रही है. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करीब 2000 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे.
यह आयोजन न केवल युवाओं के लिए खुशखबरी है, बल्कि लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरकर प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी एक अहम कदम माना जा रहा है.
कई विभागों में होगी नियुक्ति
इस समारोह में मुख्य रूप से जेपीएससी और जेएसएससी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा. विभिन्न विभागों में अलग-अलग पदों पर नियुक्ति दी जाएगी.
प्रमुख पद और संख्या
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी: लंबे इंतजार के बाद 74 पदों पर नियुक्ति होगी.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी: स्वास्थ्य विभाग के तहत 54 पदों पर चयनित उम्मीदवारों को ज्वाइनिंग लेटर मिलेगा.
सहायक प्राध्यापक (एनेस्थेसिया): मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नियुक्ति दी जाएगी.
सीजीएल परीक्षा (JSSC): हाल ही में जारी 40 अतिरिक्त अभ्यर्थियों को भी समारोह में शामिल किया जाएगा.
पीजीटी और सहायक आचार्य: स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के लिए भी चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा.
युवाओं में उत्साह, सिस्टम को मिलेगा मजबूती
इस बड़े स्तर पर हो रही नियुक्ति से राज्य के हजारों युवाओं में खुशी का माहौल है. साथ ही, इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं में लंबे समय से चल रही कर्मियों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी.
सरकार का यह कदम साफ संकेत देता है कि झारखंड में रोजगार सृजन और सरकारी सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.