Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-10

Jharkhand News: हरिणा मेला को लेकर प्रशासन अलर्ट, विधायक संजीव सरदार ने संभाली तैयारियों की कमान

Jharkhand News: पोटका के विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों और मेला समिति के पदाधिकारियों के साथ मुक्तेश्वर धाम हरिणा में आयोजित होने वाले पाँच दिवसीय धार्मिक मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया। रोजो संक्रांति के अवसर पर 15 जून से शुरू होने वाले इस मेले में झारखंड, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। विधायक ने मंदिर एवं मेला परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


सुरक्षा, ट्रैफिक और सुविधाओं पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में मेला संचालन, विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली और स्वच्छता व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि हरिणा मेला क्षेत्र की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें।

पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा हरिणा
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार हरिणा को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने बताया कि हरिणा मेले को राजकीय मेला का दर्जा दिलाने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक मेला
विधायक ने कहा कि हरिणा मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने मेला समिति और प्रशासन से सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि बेहतर प्रबंधन और जनसहयोग से इस बार का आयोजन पहले से अधिक भव्य, व्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाया जाएगा।

हुड़दंगियों और रैश ड्राइविंग पर प्रशासन सख्त
मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार राजवार ने बताया कि मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। ग्रामीणों की मांग पर मेले में पूर्ण शराबबंदी लागू रहेगी तथा बाइक स्टंट, रैश ड्राइविंग और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और पूरे मेला क्षेत्र में 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !