Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-10

Jamshedpur News: विधायक सरयू राय ने अपर नगर आयुक्त को पत्र लिखकर पेयजलापूर्ति और विकास योजनाओं की मांगी पूरी रिपोर्ट

Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के नवनियुक्त अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव को पत्र लिखकर मानगो पेयजलापूर्ति परियोजना सहित नगर निगम क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी मांगी है। पत्र में उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, परियोजना की प्रगति और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं। सरयू राय ने अपने पत्र में पूछा है कि मानगो पेयजलापूर्ति परियोजना के इंटेकवेल की वर्तमान स्थिति क्या है और उसमें लगे मोटरों की कार्यक्षमता कैसी है। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि प्रतिदिन स्वर्णरेखा नदी से कितनी मात्रा में पानी खींचकर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भेजा जाता है तथा जल शोधन संयंत्र में लगी मशीनों की स्थिति क्या है। उन्होंने पूछा कि विभिन्न जल मीनारों में कितनी देर तक पानी की आपूर्ति की जाती है और वहां से किन-किन क्षेत्रों में किस समय तक पेयजल पहुंचता है।

पाइपलाइन बिछी, लेकिन पानी नहीं पहुंच रहा?
विधायक ने मानगो नगर निगम क्षेत्र में बिछाई गई पाइपलाइनों की स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि किन मोहल्लों तक पाइपलाइन पहुंच चुकी है और वहां नियमित पेयजल आपूर्ति हो रही है या नहीं। साथ ही ऐसे क्षेत्रों की जानकारी भी मांगी है जहां पाइपलाइन तो बिछ गई है, लेकिन लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि कितने इलाकों में आधी रात 12 बजे से 2 बजे के बीच पेयजल आपूर्ति की जाती है और नगर निगम के पास कुल कितने पानी के टैंकर कार्यरत हैं तथा वे किन क्षेत्रों में पानी पहुंचा रहे हैं।

बालीगुमा टंकी और इंटेकवेल कार्यों पर भी उठाए सवाल
सरयू राय ने बालीगुमा जलमीनार तक एनएच-33 के रास्ते पाइपलाइन बिछाने की वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी है। उन्होंने यह भी पूछा कि इंटेकवेल में जमा लगभग छह फीट मोटी बालू की परत हटाने और उसके दोनों ओर सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए विधायक निधि से स्वीकृत राशि के बाद अब तक कितना काम हुआ है। इसके अलावा इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और जलमीनारों की सफाई कितने अंतराल पर होती है तथा अंतिम बार सफाई कब कराई गई थी, इसकी जानकारी भी मांगी गई है।विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि बड़ी संख्या में उपभोक्ता शिकायत कर रहे हैं कि उनके घरों तक पेयजल नहीं पहुंच रहा, लेकिन नियमित रूप से पानी का बिल भेजा जा रहा है। उन्होंने इस शिकायत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।

विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी
सरयू राय ने मानगो नगर निगम क्षेत्र में विधायक निधि और जिला योजना मद से संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी है। उन्होंने पूछा है कि जिन योजनाओं का शिलान्यास तीन महीने से अधिक समय पहले हो चुका है, उनमें से कितनी योजनाएं पूरी हो गई हैं, कितनी निर्माणाधीन हैं और कितनी योजनाओं पर अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।

नवनियुक्त अधिकारी से वस्तुस्थिति जानने की कोशिश
पत्र में सरयू राय ने कहा है कि चूंकि अपर नगर आयुक्त ने हाल ही में पदभार ग्रहण किया है, इसलिए यह जानना जरूरी है कि उन्हें अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा क्या जानकारी दी गई है और उस जानकारी तथा जमीनी हकीकत में कितना अंतर है। उन्होंने योजनाओं में हो रही देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भी जानकारी मांगी है। विधायक के इस पत्र के बाद मानगो नगर निगम की पेयजल व्यवस्था और विकास योजनाओं की स्थिति एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !