Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव से एक दिल दहला देनी वाली खबर सामने आई है। जहां 15 साल की किशोरी रेशम कुमारी की लाश एक सरकारी कुएं से मिली है।
शाम 4 बजे लापता हुई किशोरी, रातभर तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
परिजनों का कहना है की रेशम मंगलवार शाम करीब 4 बजे अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी देर तक जब वो वापस नहीं लौटी, तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी रात गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
कुएं में मिला शव, पहचान होते ही मचा कोहराम
बुधवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने घर से करीब 100 मीटर दूर एक कुएं में शव देखा। पास जाकर देखा गया तो वो रेशम कुमारी ही थी। ये खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर के MMCH अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि शव पर कोई साफ चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, गांव में डर और सच्चाई का इंतजार
मृतक की मां ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि रेशम का एक लड़के के साथ प्रेम-प्रसंग का मामला था, जिसको लेकर पहले भी विवाद हुआ था। परिवार का आरोप है कि इसी वजह से उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। घटना के बाद गांव में डर और दुख दोनों का माहौल है। लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने आने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जाएगी।