Jharkhand: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को लोक भवन में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रांची द्वारा प्रकाशित वार्षिक पत्रिका सोहराई के पांचवें अंक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रिका को झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस वर्ष प्रकाशित सोहराई पत्रिका में झारखंड की जनजातीय संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक जीवन शैली को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। पत्रिका के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विविधता और स्थानीय परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
राज्यपाल ने रचनात्मक पहल की सराहना की
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, रांची के अधिकारियों और कर्मचारियों की इस रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ संस्कृति के संरक्षण की दिशा में यह सराहनीय प्रयास है। राज्यपाल ने कहा कि सोहराई पत्रिका झारखंड के लोगों को अपनी सांस्कृतिक पहचान और विरासत से जोड़ने का माध्यम बनेगी। साथ ही, यह राज्य के बाहर रहने वाले लोगों को भी झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक कला और परंपराओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।