Jharkhand News: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारी तेज कर दी है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और उन्हें आंशिक रूप से भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे.
बीएलओ मतदाताओं से हस्ताक्षरित फॉर्म के साथ उनका नया रंगीन फोटो भी प्राप्त करेंगे. निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया सिर्फ पात्र भारतीय नागरिकों के लिए होगी.
गलत जानकारी देने पर होगी कार्रवाई
के. रवि कुमार ने कहा कि जो लोग भारतीय नागरिक नहीं हैं या अपनी नागरिकता छोड़ चुके हैं, वे फॉर्म को बिना भरे और बिना हस्ताक्षर किए बीएलओ को वापस कर दें. उन्होंने चेतावनी दी कि गलत जानकारी देकर फॉर्म जमा करना कानूनन अपराध है.
उन्होंने बताया कि किसी भी मतदाता का नाम पूरे देश में सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज हो सकता है. अगर किसी व्यक्ति का नाम एक से अधिक जगह दर्ज है तो उसे अपने स्थायी निवास वाले क्षेत्र में ही फॉर्म जमा करना होगा.
5 अगस्त को जारी होगा ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने वाले सभी पात्र मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची के ड्राफ्ट में शामिल किए जाएंगे.
वहीं नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. उन्हें निर्धारित दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करना होगा.
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिलों के कंप्यूटर ऑपरेटर और हेल्प डेस्क मैनेजर ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे.