Giridih News: गिरिडीह उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना की संयुक्त टीम ने गडरमा एवं जोभी गांव में अवैध शराब के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई अवैध महुआ शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया और भारी मात्रा में शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।
छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद
अभियान के दौरान शराब कारोबारियों के घरों में छिपाकर रखे गए करीब 9,000 किलोग्राम जावा महुआ और 400 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। बरामद जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि शराब को जब्त कर लिया गया। टीम के पहुंचते ही अधिकांश कारोबारी फरार हो गए।
जमुआ क्षेत्र में भी हुई थी कार्रवाई
उत्पाद विभाग ने बताया कि इससे एक दिन पहले 18 जून को जमुआ थाना क्षेत्र के छकनाडीह, खरीडीह और खरगडीहा गांवों में भी छापेमारी की गई थी। इस दौरान अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त करते हुए 1,500 किलोग्राम जावा महुआ और 160 लीटर महुआ शराब जब्त की गई थी।
फरार कारोबारियों पर दर्ज हुए मामले
विभाग ने दोनों मामलों में संबंधित शराब कारोबारियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।