Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सीएम आवास पर राज्य सूचना आयोग और लोकायुक्त के अहम पदों पर नियुक्ति को लेकर चयन समिति की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और कैबिनेट मंत्री हफीजुल अंसारी भी मौजूद रहे.
बैठक के दौरान सूचना आयुक्तों की नियुक्ति पर विशेष चर्चा हुई. कार्मिक विभाग ने करीब 200 से अधिक आवेदनों की जांच-पड़ताल कर योग्य उम्मीदवारों की सूची चयन समिति के सामने पेश की.
कई दिग्गजों ने पेश की दावेदारी
मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त के पदों के लिए कई अनुभवी और चर्चित लोगों ने आवेदन किया है. इनमें सेवानिवृत्त न्यायाधीश, वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं. समिति ने सभी उम्मीदवारों की योग्यता, अनुभव और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए गहन विचार-विमर्श किया.
राज्यपाल को भेजी जाएगी सिफारिश
बैठक के बाद चयनित नामों की अनुशंसा राज्यपाल को भेजी जाएगी, जिसके बाद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. इस संबंध में सरकार पहले ही झारखंड हाई कोर्ट में शपथ पत्र दाखिल कर चुकी है.
लंबे समय से खाली हैं अहम पद
झारखंड में लोकायुक्त का पद जून 2021 से खाली है. डी.एन. उपाध्याय के निधन के बाद से इस पद पर नियुक्ति नहीं हो पाई है, जिससे 3,000 से अधिक मामले लंबित हैं. वहीं राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त सहित छह सूचना आयुक्तों के पद मई 2020 से खाली पड़े हैं.
इन पदों पर नियुक्ति में देरी के कारण शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही पर असर पड़ा है. इसी वजह से विपक्षी दलों और आम जनता का दबाव सरकार पर लगातार बढ़ता जा रहा है.