Jamtara News : जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर नगर में शनिवार को एक बंद घर से 38 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान स्वर्गीय केशव राम के पुत्र लक्ष्मण राम के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत और चर्चाओं का माहौल है।स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से लक्ष्मण राम के घर से तेज दुर्गंध आ रही थी। शुरुआत में लोगों ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन शनिवार दोपहर दुर्गंध काफी बढ़ने पर अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पड़ोसियों ने मिहिजाम थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने बंद घर का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया तो लक्ष्मण राम का शव पड़ा मिला। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे, जिसके कारण पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ विकास आनंद लागूरी भी घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया है। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लक्ष्मण राम घर में अकेले रहते थे और पिछले कई दिनों से उन्हें इलाके में नहीं देखा गया था।
फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि मामला आत्महत्या का है या फिर किसी अन्य घटना से जुड़ा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।