Jamtara: मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 स्थित बादोलीगढ़ में शनिवार रात एक दुखद घटना सामने आई। जहां 14 वर्षीय छात्र आयुष शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
संत जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल का था छात्र
आयुष शर्मा चित्तरंजन स्थित संत जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था। बताया जा रहा है कि शनिवार को उसकी वार्षिक परीक्षा चल रही थी और उसी दिन उसने गणित का पेपर दिया था।
घर में अकेला था आयुष
परिजनों के अनुसार घटना के समय आयुष घर में अकेला था। उसकी मां और नानी किसी काम से बाजार गई हुई थीं। इसी दौरान उसने कमरे की छत में लगे हुक में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
घर लौटने पर सामने आया दर्दनाक मंजर
कुछ समय बाद जब उसकी मां और नानी घर वापस लौटीं तो उन्होंने आयुष को फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखकर दोनों घबरा गईं और रोने-चिल्लाने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा ठीक न होने के कारण आयुष तनाव में था, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ले में पसरा मातम
इस घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे मोहल्ले में भी शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। यह घटना सभी के लिए बेहद दुखद और चिंताजनक बनी हुई है।