Bihar: रविवार को बिहार की राजधानी पटना में एक अहम परियोजना की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 542 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली उस विशेष सुरंग परियोजना का कार्यारंभ किया, जो Bihar Museum और Patna Museum को आपस में जोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीन का बटन दबाकर इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की। इस दौरान मौजूद अधिकारियों ने उन्हें टनल के निर्माण की तकनीकी प्रक्रिया और तय समय सीमा में काम पूरा करने की विस्तृत जानकारी दी।
नेहरू पथ के पास बन रही है म्यूजियम सब-वे टनल
यह सुरंग परियोजना Nehru Path के पास हड़ताली मोड़ क्षेत्र में तैयार की जा रही म्यूजियम सब-वे टनल योजना का हिस्सा है। इस सुरंग के बन जाने के बाद लोग बिना सड़क पार किए सीधे एक संग्रहालय से दूसरे संग्रहालय तक पहुंच सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य तय समय के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से दोनों संग्रहालयों में आने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी और यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी।
पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनल बनने के बाद लोग आसानी से बिहार संग्रहालय से पटना संग्रहालय और पटना संग्रहालय से बिहार संग्रहालय जा सकेंगे। इससे यहां प्रदर्शित ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को देखने का अनुभव और बेहतर होगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संभावित रूप से बढ़ने वाली पर्यटकों की संख्या को ध्यान में रखते हुए पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाए।
निर्माण के दौरान ट्रैफिक पर न पड़े असर
सीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि टनल का निर्माण इस तरह किया जाए कि नेहरू पथ पर चलने वाले वाहनों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना बेहद जरूरी है और इसके लिए विशेष योजना बनाकर काम किया जाए।
बिहार म्यूजियम का किया निरीक्षण
टनल परियोजना के कार्यारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने बिहार मौसम का भी दौरा किया। इस दौरान संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने उन्हें संग्रहालय में लगे नए प्रदर्शनों, यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या, पार्किंग व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान अधिकारियों को कई सुझाव और निर्देश दिए ताकि आने वाले समय में यहां आने वाले लोगों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मल्टीस्टोरी परिसर और आधुनिक सुविधाओं की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय के सामने पुनर्विकसित किए जा रहे 60 आवास और ऑफिसर्स हॉस्टल परिसर के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें साइट प्लान के माध्यम से बताया कि पुराने ढांचे को हटाकर यहां एक आधुनिक बहुमंजिला इमारत बनाई जाएगी।
नए परिसर में सोलर पार्किंग शेड, ओपन पार्किंग, क्लब हाउस और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा यहां पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
संग्रहालय परिसर में बनेगा सुंदर पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेहरू पथ के किनारे बनने वाला यह नया परिसर आवास और अन्य सुविधाओं के लिए उपयोगी साबित होगा। इसके साथ ही आसपास एक आकर्षक पार्क भी विकसित किया जाएगा, जहां संग्रहालय देखने आने वाले लोग कुछ समय बिताकर सुकून और आनंद का अनुभव कर सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली सुरंग के पटना संग्रहालय वाले हिस्से का भी जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।