Jamtara News: जामताड़ा सदर अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई 34 वर्षीय रीना देवी की रेफर किए जाने के बाद रास्ते में मौत हो गई। मृतका जामताड़ा नगर के सरकार बांध की निवासी थीं। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया और जामताड़ा बाजार–श्रीरामपुर समाहरणालय मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सामान्य प्रसव का भरोसा देकर देर से किया रेफर, रास्ते में हुई प्रसूता की मौत
परिजनों का आरोप है कि गुरुवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर रीना देवी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ड्यूटी पर मौजूद एएनएम ने सामान्य प्रसव का भरोसा दिलाया और बाहर से दवा मंगवाई गई। काफी देर तक प्रसव नहीं होने के बावजूद स्थिति की गंभीरता को नजरअंदाज किया गया और जब हालत बिगड़ गई, तब आनन-फानन में उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही प्रसूता की मौत हो गई।
प्रसूता की मौत पर भड़के परिजन, अस्पताल में हंगामा कर मुख्य सड़क जाम
घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ नारेबाजी की तथा संबंधित डॉक्टर को बर्खास्त करने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ड्यूटी पर मौजूद एएनएम समेत अन्य महिला स्वास्थ्यकर्मी अस्पताल छोड़कर चले गए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
मृतका के पति कन्हैया रवानी ने आरोप लगाया कि यदि समय पर उचित इलाज और रेफर किया जाता तो उनकी पत्नी की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम और प्रदर्शन जारी था।
आरोपों की जांच के लिए टीम गठित, दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई
सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद ने बताया कि अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार महिला को सुबह 9:45 बजे भर्ती किया गया था और प्राथमिक उपचार के बाद दोपहर करीब 12 बजे गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर किया गया। उन्होंने कहा कि उस समय ड्यूटी पर डॉ. स्वीटी कुमारी तैनात थीं। परिजनों के आरोपों की जांच के लिए एक जांच टीम गठित कर दी गई है और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।