Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची के सब्जी मंडी में ट्रक खड़ा करने को लेकर गुरुवार को विवाद खड़ा हो गया। खुदरा सब्जी व्यापारियों का आरोप है कि एक गद्दी संचालक पिछले कई दिनों से मंडी जाने वाले रास्ते पर अपना ट्रक खड़ा कर माल उतरवाता है, जिससे आम लोगों और ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। खुदरा व्यापारियों का कहना है कि रास्ता बाधित होने के कारण ग्राहकों का उनकी दुकानों तक पहुंच पाना मुश्किल हो जाता हैं, जिससे उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर जब खुदरा व्यापारियों ने विरोध जताया तो बहस शुरू हुई और मामला बढ़ गया।
विरोध के बाद मारपीट का आरोप
खुदरा व्यापारियों का आरोप है कि विरोध के दौरान गद्दी संचालक बरबिल मंडल और बिट्टू को लेकर वहां पहुंचा और खुदरा व्यापारियों से बहस करने लगा। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने तीन से चार दुकानदारों के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद मंडी के अन्य खुदरा व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
खुदरा व्यापारियों ने बंद कर दी मंडी, रखी माफी की मांग
घटना के विरोध में साकची सब्जी मंडी के खुदरा व्यापारियों ने मंडी बंद कर दीं। व्यापारियों का कहना है कि जब तक मारपीट करने वाले लोग उनके बीच आकर माफी नहीं मांगते, तब तक वे विरोध जारी रखेंगे। व्यापारियों ने प्रशासन से भी मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल विवाद को लेकर मंडी में तनाव का माहौल बना हुआ है।