Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-22

Jamtara News: जामताड़ा सदर अस्पताल से इलाजरत मरीज लापता, सीसीटीवी में कैद हुई आखिरी तस्वीर

Jamtara: जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती एक मरीज के अचानक लापता हो जाने से अस्पताल प्रशासन और परिजनों के बीच हड़कंप मच गया है। मरीज का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार देवघर जिले के कोरों क्षेत्र निवासी अशोक चक्रवर्ती को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण 19 जून को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था।

सुबह उठी पत्नी तो बेड खाली मिला
अस्पताल में मरीज के साथ उनकी पत्नी भी मौजूद थीं। रविवार रात वह वार्ड में ही रुकी थीं। सोमवार सुबह जब उनकी आंख खुली तो पति अपने बिस्तर पर नहीं मिले। पहले उन्होंने वार्ड और अस्पताल परिसर में तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। मामले की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई। फुटेज में देखा गया कि सोमवार तड़के करीब 3 बजकर 6 मिनट पर अशोक चक्रवर्ती पुरुष वार्ड से बाहर निकलकर अस्पताल के पोर्टिको में रखी कुर्सी पर बैठे थे। इसके कुछ ही क्षण बाद वे अस्पताल के मुख्य परिसर से बाहर जाते हुए दिखाई दिए।

चोट के कारण मानसिक स्थिति थी प्रभावित
परिजनों का कहना है कि सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं थी। यही वजह है कि उनके अचानक कहीं चले जाने को लेकर परिवार बेहद चिंतित है। मरीज की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि अन्य रिश्तेदार भी उसकी तलाश में जुट गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि मरीज के लापता होने की सूचना पुलिस को देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही थाना में लिखित शिकायत दी जाएगी ताकि खोजबीन में तेजी लाई जा सके।

तलाश जारी, हर संभावित जगह पर खोजबीन
परिजन और अस्पताल कर्मी मिलकर आसपास के इलाकों में मरीज की तलाश कर रहे हैं। फिलहाल अशोक चक्रवर्ती का कोई पता नहीं चल पाया है। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि यदि मरीज के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !