Jamshedpur News : विधायक सरयू राय ने शनिवार को बेल्डीह तालाब का निरीक्षण किया। गौरतलब है कि दो दिन पहले तालाब में ऑक्सीजन की कमी के कारण बड़ी संख्या में मछलियां मृत पाई गई थीं। निरीक्षण के दौरान सरयू राय ने बताया कि तालाब में ऑक्सीजन बनाए रखने के लिए चार फव्वारे लगाए गए हैं, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि तालाब में बाहरी स्रोत से पानी आ रहा है, संभवतः एक नाले के माध्यम से, जिसकी गुणवत्ता की जांच जरूरी है।
तालाब में शैवाल और गंदगी से बिगड़ रहा संतुलन, बाहरी गंदे पानी के प्रवेश पर जताई चिंता
उन्होंने बताया कि तालाब में शैवाल और घास तेजी से पनप रहे हैं, जो पानी में मौजूद ऑक्सीजन को सोख लेते हैं। इससे मछलियों और अन्य जलीय जीवों के लिए खतरा उत्पन्न हो रहा है। सरयू राय ने यह भी कहा कि लंबे समय से तालाब की सफाई नहीं हुई है और तलछट में गंदगी जमा हो गई है। तालाब के किनारों पर बदबू आ रही है, जो अंदर सड़न की ओर इशारा करती है। उन्होंने इस स्थिति के लिए प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि तालाब के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है।
उन्होंने सुझाव दिया कि टाटा स्टील प्रबंधन को तालाब की नियमित सफाई करानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही, दिन में कम से कम दो बार फव्वारे चलाए जाने चाहिए ताकि पानी में ऑक्सीजन का स्तर बना रहे।
सरयू राय ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के उस तर्क को भी अपर्याप्त बताया, जिसमें तापमान में उतार-चढ़ाव को ऑक्सीजन की कमी का कारण बताया गया है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े तालाब में तापमान का सही आंकलन और वैज्ञानिक विश्लेषण जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि तालाब में केवल मछलियां ही नहीं, बल्कि कई अन्य जलीय जीव भी रहते हैं, जिन पर ध्यान देना आवश्यक है। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो तालाब की पारिस्थितिकी पर गंभीर असर पड़ सकता है।