Jamshedpur News : शहर के लक्ष्मीनगर बस्ती में पिछले करीब एक वर्ष से नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक नाले का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि बस्ती के लोगों ने इस समस्या को लेकर क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू को कई बार लिखित आवेदन सौंपा है। इसके अलावा 4 से 5 बार प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलकर जल्द समाधान की मांग कर चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
एक साल से नाले की समस्या जस की तस, कार्रवाई नहीं होने पर भड़के लोग
नाले का पानी सड़क पर बहने के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी हो रही है, वहीं मंदिर जाने वाली महिलाओं को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
कागज की नाव बहाकर अनोखा विरोध, प्रशासन के खिलाफ जताया आक्रोश
नाले की समस्या के विरोध में बस्तीवासियों ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए कागज की नाव बनाकर नाले के पानी में बहाया और “हमारी विधायक लापता है” जैसे नारे लगाकर विरोध जताया। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। बस्तीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे जिला समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे।