Jamshedpur News : बिरसानगर जोन नंबर-1 स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन कार्य का शिलान्यास रविवार को विधिवत रूप से किया गया। सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।यह उन्नयन कार्य स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की योजना मद से कराया जा रहा है। परियोजना की कार्यकारी एजेंसी भवन निर्माण विभाग को बनाया गया है। इस योजना पर कुल 60 लाख 57 हजार 255 रुपये खर्च किए जाएंगे।कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिरसानगर और आसपास के इलाकों की बड़ी आबादी इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है और उन्नयन कार्य पूरा होने के बाद यहां आने वाले मरीजों को अधिक सुविधाजनक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्नयन के बाद मरीजों को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के विकास से क्षेत्र के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। भवन के उन्नयन के साथ मरीजों के इलाज, बैठने की व्यवस्था और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी इस विकास कार्य को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के बेहतर होने से आसपास के हजारों लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत कम पड़ेगी।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।