Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 10 दिनों में जिलेभर में 39,962 लोगों की जांच की गई, जिनमें 1,374 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। इनमें ब्रेन मलेरिया (सेरेब्रल मलेरिया) के मरीज भी शामिल हैं। लगातार बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी और व्यापक जांच अभियान तेज कर दिया है।
हालिया जांच अभियान के दौरान 10,202 लोगों की जांच में 95 नए मरीज मिले, जिनमें सामान्य मलेरिया और ब्रेन मलेरिया दोनों के मामले शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने निर्णय लिया है कि जिस गांव में एक भी मलेरिया संक्रमित मरीज मिलेगा, वहां तीन दिनों के भीतर पूरे गांव की शत-प्रतिशत जांच कराई जाएगी।
प्रतिदिन 5 हजार लोगों की जांच का लक्ष्य, आईएचआईपी पोर्टल पर होगी तत्काल रिपोर्टिंग
मलेरिया नियंत्रण अभियान की समीक्षा को लेकर अनुमंडल अस्पताल, घाटशिला में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को अभियान युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए गए। सिविल सर्जन ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर रैपिड डायग्नोस्टिक किट (RDK) के माध्यम से जांच करेंगे और प्रतिदिन कम से कम 5,000 लोगों की जांच सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रत्येक मलेरिया संक्रमित मरीज का विवरण तत्काल आईएचआईपी पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि संक्रमण की प्रभावी निगरानी और समय पर उपचार सुनिश्चित हो सके। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों को प्रतिदिन जांच रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजने और जियो-टैग फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में इंडोर रेजिडुअल स्प्रे (IRS) अभियान भी जारी है तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों को पर्याप्त मात्रा में मलेरिया जांच किट उपलब्ध कराई जा रही है।