Jamshedpur News : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारिगोड़ा कृति मैदान में रविवार को जमीन विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मामला स्वर्गीय गृधा भूमिज की जमीन से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां कथित तौर पर अवैध निर्माण कार्य कराए जाने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों और परिजनों ने निर्माण कार्य का किया विरोध
जानकारी के अनुसार अवतार सिंह समेत कुछ स्थानीय लोगों पर विवादित जमीन पर निर्माणाधीन दीवार खड़ी कराने का आरोप है। इसकी सूचना मिलते ही स्वर्गीय गृधा भूमिज की बेटियां और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने निर्माणाधीन दीवार को तोड़ दिया।
पुलिस पर मिलीभगत का आरोप, इलाके में तनाव
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। लोगों ने बिना उचित जांच के निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।