Lohardaga: लोहरदगा के कुड़ू थाना क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध रूप से काटी गई कटहल की लकड़ी के खिलाफ कार्रवाई की है. शनिवार दोपहर फुलसुरी गांव में छापेमारी कर लकड़ी से लदा एक पिकअप वाहन जब्त किया गया. वन विभाग को सूचना मिली थी कि फुलसुरी गांव में बिना अनुमति कटहल का बड़ा पेड़ काटा गया है. इसके बाद लकड़ी को पिकअप में लादकर रांची भेजने की तैयारी थी. सूचना मिलने पर प्रभारी वन क्षेत्र पदाधिकारी पंकज कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई शुरू की. टीम में वनपाल गौतम राम, संदीप कुमार राम और क्यूआरटी के जवान शामिल थे.
छापेमारी के दौरान टीम को फुलसुरी की ओर से एक पिकअप आता दिखा. वनकर्मियों ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी. वन विभाग की टीम ने पिकअप का पीछा किया. लापुर गांव से आगे चालक और कथित तस्कर वाहन को सड़क किनारे छोड़कर भाग निकले.
जांच में जुटा वन विभाग
इसके बाद टीम ने पिकअप को कब्जे में लिया और कुड़ू वन कार्यालय ले आई. वाहन में लदी कटहल की लकड़ी की कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है. वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान लकड़ी काटने और उसे ले जाने में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.