Jamshedpur: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र से लापता हुई 22 वर्षीय युवती आखिरकार सकुशल अपने घर लौट आई। युवती के वापस आने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस के समझाने के बाद मामला शांतिपूर्वक सुलझा लिया गया।
बाजार जाने की बात कहकर निकली थी घर से
जानकारी के अनुसार पंचवटी नगर निवासी अमन कुमार सिंह ने सोनारी थाना में आवेदन देकर बताया था कि उसकी बहन रंजनी कुमारी शुक्रवार 16 मई की सुबह बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने जब उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन स्विच ऑफ मिला।
पड़ोस का युवक भी था घर से गायब
परिजनों को बाद में जानकारी मिली कि पड़ोस में रहने वाला गोलू कुमार मंडल नामक युवक भी उसी दिन से घर से लापता है। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलने के बाद सोनारी थाना पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस की समझाइश के बाद लौटी युवती
इधर शनिवार सुबह रंजनी कुमारी सकुशल अपने घर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार युवती को समझाने-बुझाने के बाद घर वापस लाया गया। फिलहाल मामले में किसी प्रकार की अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है। युवती के लौटने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।