Jamshedpur News: जमशेदपुर में झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता सिमरन भाटिया ने दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने पर खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल गुरुजी का नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और यहां के संघर्ष की पहचान है.
राष्ट्रपति भवन में रूपी सोरेन ने ग्रहण किया सम्मान
राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में गुरुजी की धर्मपत्नी रूपी सोरेन ने पद्म भूषण सम्मान प्राप्त किया. इस अवसर को झारखंड के लिए गौरव और भावनाओं से जुड़ा क्षण बताते हुए सिमरन भाटिया ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा झारखंड के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित किया.
हर झारखंडी के सम्मान का प्रतीक है यह उपलब्धि
सिमरन भाटिया ने कहा कि गुरुजी का संघर्ष और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा. उनके अनुसार यह सम्मान झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ साथ राज्य के हर नागरिक का सम्मान है, जिसने झारखंड आंदोलन की भावना को मजबूत करने का काम किया है.
दशकों के संघर्ष को देश ने किया नमन
उन्होंने कहा कि पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना गुरुजी के लंबे संघर्ष, त्याग और योगदान को देश की ओर से दी गई सच्ची श्रद्धांजलि है. यह सम्मान झारखंड के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में याद किया जाएगा.