Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-24

Ranchi News : 262 स्वास्थ्यकर्मियों को मिला नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री ने कहा- बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं हमारी प्राथमिकता

Ranchi News : झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 262 स्वास्थ्यकर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।


विभिन्न पदों पर हुई नियुक्तियां

नियुक्ति पाने वाले 262 अभ्यर्थियों में 151 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर, 56 फूड सेफ्टी ऑफिसर, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं। मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने सांकेतिक रूप से कुछ चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

ईमानदारी से काम करने की अपील, जल्द होगी बड़ी नियुक्तियां

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सभी नवनियुक्त कर्मी अब राज्य सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के सुचारु संचालन में हॉस्पिटल मैनेजर और फाइनेंस मैनेजर की भूमिका भी डॉक्टरों जितनी ही अहम होती है। मुख्यमंत्री ने सभी कर्मियों से ईमानदारी, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई गलती हो जाए तो उसे स्वीकार कर सुधारने का प्रयास करना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि नई नियुक्तियों से राज्य के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही 1200 डॉक्टरों तथा 7500 एएनएम और जीएनएम कर्मियों की नियुक्ति करेगी। इसके अलावा राज्य में 13 हजार अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मियों की आवश्यकता का भी आकलन किया जा रहा है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और बेहतर बनाया जा सके।

जिला अस्पतालों में बेहतर इलाज पर जोर

अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि फूड सेफ्टी ऑफिसरों की जिम्मेदारी लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाना है। वहीं विशेषज्ञ डॉक्टरों से अपेक्षा की गई कि वे जिला और अनुमंडल अस्पतालों में बेहतर उपचार उपलब्ध कराएं, ताकि मरीजों को अनावश्यक रूप से बड़े अस्पतालों में रेफर न करना पड़े।

इन अभ्यर्थियों को सौंपे गए सांकेतिक नियुक्ति पत्र

समारोह के दौरान नैना नायक, मोहम्मद एहसान आलम, डॉ. मोहम्मद अरशद अंसारी, डॉ. अलका कुल्लू, रेशमा बानो और अभिषेक शर्मा सहित कई चयनित अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !