Jamshedpur News: जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में A.C और D.C बिल एवं P. L खातों से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वित्तीय प्रबंधन की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वित्तीय अनुशासन हर हाल में बनाए रखा जाए।
लंबित डीसी बिल शीघ्र जमा करने के निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि जिन विभागों के A.C बिल के विरुद्ध D.C बिल लंबित हैं, वे निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर D.C बिल समर्पित करें। उन्होंने लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पीएल खातों में राशि सरेंडर करने पर जोर
P.L खातों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि खातों में पड़ी अनावश्यक राशि को चिन्हित कर शीघ्र सरेंडर किया जाए, ताकि सरकारी संसाधनों का प्रभावी और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित हो सके।
उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर देना जरूरी
उपायुक्त ने पूरी हो चुकी योजनाओं के उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर समर्पित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि U.C लंबित रहने से नई योजनाओं के लिए आवंटन प्रभावित होता है, इसलिए सभी विभाग इसे प्राथमिकता दें। इस बैठक में उप नगर आयुक्त जेएनएसी, जिला कल्याण पदाधिकारी, कोषागार पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।