Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-02

Jamshedpur News: लखाईडीह गांव पहुंचे जल जीवन मिशन के अपर सचिव, विकास कार्यों की समीक्षा

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड स्थित सुदूरवर्ती लखाईडीह गांव का गुरुवार को जल जीवन मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के अपर सचिव एवं अभियान निदेशक श्री के.के. सोन ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।दौरे के दौरान श्री सोन ने गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 15 वर्ष पहले जब वे इस गांव में आए थे, तब की तुलना में अब काफी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां पहले केवल 15 बच्चे स्कूल जाते थे, वहीं अब 312 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
बालिकाओं को अपर सचिव की प्रेरणा:- पढ़ाई बीच में न छोड़ें 

उन्होंने विशेष रूप से बालिका छात्रावास की छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में पढ़ाई बीच में न छोड़ें। यदि कोई समस्या हो तो सीधे जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर अपनी बात रखें। साथ ही उन्होंने बच्चों को इंजीनियरिंग, मेडिकल और कानून जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि सुदूरवर्ती गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत शिक्षा, रोजगार, पेयजल, सड़क और नेटवर्क जैसी समस्याओं के समाधान के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर काम किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए पर्यटन की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

ग्राम प्रधान कान्हू राम टुडू ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गांव अब नशामुक्त हो चुका है और लोग सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक हुए हैं। शिक्षा के प्रति भी लोगों का रुझान बढ़ा है और कई बच्चे उच्च शिक्षा के लिए बाहर जा रहे हैं।
इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति पत्र, अबुआ आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गृह प्रवेश, सोना-सोबरन धोती-साड़ी सहित अन्य परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

अपर सचिव ने अधिकारियों को लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया गया।
दौरे के दौरान उन्होंने कल्याण विभाग द्वारा संचालित बालक एवं बालिका छात्रावास, नेताजी आवासीय विद्यालय और धुमकुड़िया भवन का निरीक्षण किया। नेताजी आवासीय विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा गांव में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी गई और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना गया। साथ ही यह भी बताया गया कि कैंप के माध्यम से प्रमाण पत्र निर्माण, स्वास्थ्य जांच, पशु टीकाकरण आदि सेवाएं ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से अतिथियों का स्वागत किया और सरना धर्म से जुड़े अनुष्ठान में भी अतिथियों ने भाग लिया।

मौके पर एमडी जेजेएम डॉ. अरुण कुमार जायसवाल, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला सुनील चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !