Jamshedpur News: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में गुरुवार की रात करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आयशा पेट्रोल पंप के पास दो पक्षों के बीच हुआ विवाद अचानक उग्र रूप ले बैठा. कुछ ही देर में वहां भारी संख्या में लोग जुट गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पेट्रोल पंप के पास मोमोज का ठेला लगाने वाले युवक शाकिब का कुछ युवकों से किसी छोटी बात को लेकर विवाद हो गया. शुरुआत में यह मामूली कहासुनी थी, लेकिन धीरे-धीरे मामला बढ़ता गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.
कार और बुलेट से पहुंचे युवक
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान कुछ युवक कार और बुलेट बाइक से मौके पर पहुंचे. इनके पहुंचने के बाद माहौल और गर्म हो गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. स्थिति ऐसी बन गई कि वहां मौजूद लोग भी डर के कारण इधर-उधर हटने लगे.
हंगामे की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में वहां इकट्ठा हो गए. भीड़ बढ़ने से हालात और बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई थी. कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने पहले भीड़ को हटाया और फिर दोनों पक्षों को शांत कराया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को काबू में कर लिया गया और बड़ा हादसा टल गया.
घटना के बाद मोमोज ठेला संचालक शाकिब का पक्ष शिकायत दर्ज कराने के लिए मानगो थाना पहुंचा है. पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा सकती है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके.
पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.