Jamshedpur News: छोटागोविंदपुर में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। समाज की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को मजबूती देने के उद्देश्य से विधायक मंगल कालिंदी की विधायक निधि से बनने वाले भवन का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के लोगों में खास उत्साह देखने को मिला।
विधायक मंगल कालिंदी ने रखी विकास की आधारशिला
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक मंगल कालिंदी ने शिलापट्ट का अनावरण कर भवन निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज की यह लंबे समय से चली आ रही जायज मांग थी, जिसे आज धरातल पर उतारते हुए उन्हें बेहद खुशी हो रही है। विधायक ने कहा कि यह भवन केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता और प्रगति का केंद्र बनेगा।
सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा नया मंच
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि नए भवन के बनने से सामाजिक कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों और रचनात्मक गतिविधियों के संचालन में काफी सहूलियत होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के सभी समाजों के विकास और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे भी पूरा किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन
भूमि पूजन कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह, नवमी सिंह और सतवीर सिंह बग्गा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया। वहीं अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रबुद्ध जनों ने भवन निर्माण की शुरुआत पर विधायक मंगल कालिंदी के प्रति आभार व्यक्त किया।