Jamshedpur News: भारतीय डाक विभाग के सिंहभूम मंडल द्वारा चलाए जा रहे विशेष रक्षाबंधन अभियान के तहत विभाग की एक टीम ने आज जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आम जनता और विशेष रूप से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी संदेश साझा किया।
रक्षाबंधन को बताया सनातन संस्कृति का पावन पर्व
सरयू राय ने कहा कि रक्षाबंधन सनातन समाज का अत्यंत महत्वपूर्ण और पावन सांस्कृतिक पर्व है। यह भाई-बहन के बीच स्नेह, विश्वास और भाई द्वारा बहन की रक्षा के अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति की पारिवारिक और सामाजिक परंपराओं को मजबूत करने का संदेश देता है।
डाक विभाग की पहल की सराहना
विधायक ने कहा कि पहले घरों में ही सूत से राखियां बनाई जाती थीं, लेकिन समय के साथ बाजार का दायरा बढ़ा है। ऐसे में दूर-दराज रहने वाले परिजनों तक समय पर और सुरक्षित राखी पहुंचाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने भारतीय डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डाक विभाग वर्षों से लोगों के सुख-दुख के संदेश, चिट्ठियां और तार पहुंचाने का भरोसेमंद माध्यम रहा है और रक्षाबंधन पर राखियां पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाना एक सराहनीय सामाजिक प्रयास है।
युवाओं से डाक सेवाओं का लाभ उठाने की अपील
सरयू राय ने कहा कि डाकिए और डाक विभाग से हर भारतीय का भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे भारत सरकार के इस विश्वसनीय संस्थान की जनोपयोगी सेवाओं से जुड़ें और अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि इस रक्षाबंधन पर राखियां भेजने और मंगवाने के लिए भारतीय डाक विभाग की सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करें, ताकि यह सामाजिक पहल सफल हो सके।