Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक अहम पहल की गई है। पोटका के विधायक संजीव सरदार और उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय से विशेष कचरा संग्रहण वाहन को हरी झंडी दिखाकर डोर-टू-डोर कचरा उठाव सेवा का शुभारंभ किया है। इस योजना का उद्देश्य घर-घर से नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित कर क्षेत्र को साफ और व्यवस्थित बनाये रखना है।
घर-घर पहुंचेगा कचरा संग्रहण वाहन
विधायक संजीव सरदार ने बताया कि अब लोगों को कचरा इधर-उधर फेंकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। निर्धारित समय पर वाहन उनके घरों के पास पहुंचेगा, जहां वे सीधे कचरा दे सकेंगे। इससे गंदगी पर नियंत्रण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में स्वच्छता का स्तर सुधरेगा।
प्रशासन ने की जनभागीदारी की अपील
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था स्वच्छता प्रबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी सफलता के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी से अपील की कि कचरा खुले में न फेंकें और निर्धारित वाहन में ही दें, साथ ही अधिकारियों को नियमित और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वच्छ बागबेड़ा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
जिला प्रशासन ने नागरिकों से इस सेवा का लाभ उठाने और बागबेड़ा को स्वच्छ व सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की है। इस मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, डीटीओ धनंजय, बीडीओ सुमित प्रकाश सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल को सफल बनाने का संकल्प लिया।