Jamshedpur News: टाटा वर्कर्स यूनियन के ऑफिस बियररों की एक अहम बैठक टाटा स्टील चमरिया गेस्ट हाउस में आयोजित हुई। बैठक में वेज रिवीजन के मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा की गई। यूनियन अध्यक्ष ने प्रबंधन के साथ चल रही वार्ता की प्रगति साझा करते हुए पिछले तीन वेज रिवीजन समझौतों की जानकारी दी।
8 साल के समझौते में 7.5 प्रतिशत एमजीबी बढ़ाने का प्रस्ताव
अध्यक्ष ने बताया कि 2012 का वेज रिवीजन 6 साल के लिए हुआ था, जिसमें एमजीबी 18.25 प्रतिशत मिला था, जबकि 2019 में 7 साल के समझौते में यह घटकर 12.75 प्रतिशत रह गया। अब प्रबंधन को 8 साल का नया समझौता प्रस्तावित किया गया है, जिसमें पुराने ग्रेड के कर्मचारियों के लिए 7.5 प्रतिशत एमजीबी बढ़ाने की मांग रखी गई है।
बेहतर ग्रेड की मांग तेज
बैठक में यह भी बताया गया कि करीब 7500 न्यू सीरीज और लगभग 3000 पुराने ग्रेड के कर्मचारियों का वेज रिवीजन होना है। ऑफिस बियररों ने साफ कहा कि कर्मचारियों और कमेटी मेंबरों का दबाव लगातार बढ़ रहा है और सभी के लिए बेहतर ग्रेड रिवीजन सुनिश्चित करना जरूरी है।
नए प्रस्ताव की तैयारी, यूनियन नेताओं का एकजुट समर्थन
अंत में यूनियन नेताओं ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही नया प्रस्ताव प्रबंधन को सौंपा जाएगा। बैठक में अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे और सभी ने बेहतर वेज रिवीजन के लिए एकजुट समर्थन जताया।