Jamshedpur News: जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन के एग्जिट गेट के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. डिवाइडर पार कर रहे एक युवक को भारी ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान संजयनगर निवासी कल्लू यादव के रूप में हुई है. उसकी उम्र करीब 28 से 30 वर्ष बताई जा रही है.
डिवाइडर पार करते समय ट्रेलर से टक्कर
स्थानीय लोगों के अनुसार, कल्लू यादव सड़क के बीच बने डिवाइडर को पार कर दूसरी तरफ जाने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रेलर की चपेट में वह आ गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
हादसे के बाद ट्रेलर छोड़कर भागा चालक
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है. वहीं, फरार चालक की तलाश की जा रही है.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी
पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में ले लिया है. पोस्टमार्टम के लिए शव भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. साथ ही आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.