Jamshedpur News: झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति ने पूर्वी सिंहभूम जिले का बुधवार को दौरा किया। इस दौरान परिसदन भवन में अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई, जिसमें जिले में चल रही सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने की। उनके साथ समिति के सदस्य मंगल कालिंदी और रोशन लाल चौधरी भी मौजूद रहे।
कई विभागों की योजनाओं की गहन समीक्षा
बैठक में अलग-अलग विभागों की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें विधायक फंड से चल रही योजनाएं, आपूर्ति विभाग, कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास, नगर निगम (जेएनएसी), खनन, प्रदूषण, सड़क और भवन निर्माण, सिंचाई और पानी सप्लाई जैसी योजनाओं की स्थिति पर खास ध्यान दिया गया।
राशन व्यवस्था में पारदर्शिता के निर्देश और किसनों की आय बढ़ाने पर जोर
समिति ने किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया और कहा कि उन्हें आधुनिक खेती की तकनीक से जोड़ा जाए और सरकारी योजनाओं का पूरा फायदा मिले। राशन वितरण को लेकर भी समीक्षा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सिस्टम में पारदर्शिता बनी रहे और लोगों की शिकायतों का तुरंत समाधान हो। अगर किसी राशन डीलर पर कार्रवाई होती है, तो कार्डधारियों को दूसरी नजदीकी दुकान से राशन मिलना सुनिश्चित किया जाए।
धान खरीद और निर्माण कार्यों में तेजी
धान खरीद और किसानों के भुगतान में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को समय पर पैसा मिल सके। सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों को लेकर कहा गया कि सभी काम समय पर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता रखने और जमीन विवाद जैसी समस्याओं को मिल-जुलकर हल करने पर भी जोर दिया गया।
छात्रवृत्ति समय पर, अवैध खनन और प्रदूषण पर कड़ी कार्रवाई
छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति समय पर देने के लिए विभाग को जरूरी कदम उठाने को कहा गया। खनन विभाग को अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाने और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को फैक्ट्रियों द्वारा नदी-नालों में गंदा पानी छोड़ने के मामलों में तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
सभापति ने अधिकारियों को ईमानदारी और जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश दिया
समिति के सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का फायदा हर जरूरतमंद तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए सभी अधिकारियों को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। इस बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।