Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-02

Jamshedpur News: उपायुक्त राजीव रंजन ने गुड़ाबांदा और धालभूमगढ़ प्रखंड कार्यालयों का लिया जायजा

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान गुड़ाबांदा और धालभूमगढ़ प्रखंड व अंचल कार्यालयों का निरीक्षण किया। उनके साथ उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान और अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था, राजस्व कार्यों, विकास योजनाओं और कार्यालयी कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।

रिकॉर्ड अपडेट रखने और समयबद्ध सेवा देने के निर्देश
उपायुक्त ने दोनों कार्यालयों में उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी, संचिकाओं और अन्य अभिलेखों की जांच की। उन्होंने सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखने, कार्यालयों में अनुशासित और पारदर्शी कार्य संस्कृति विकसित करने तथा आम नागरिकों से जुड़े मामलों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

राजस्व मामलों और विकास योजनाओं की हुई समीक्षा
अंचल कार्यालयों में म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, परिमार्जन और भूमि विवाद जैसे लंबित राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। वहीं प्रखंड कार्यालयों में 15वें वित्त आयोग, मनरेगा और आवास योजना समेत विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर गुणवत्ता, नियमित निगरानी और समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने पर जोर दिया।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर और केजीबीवी का भी किया निरीक्षण
क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने गुड़ाबांदा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आवासीय विद्यालय में छात्राओं की नियमित स्वास्थ्य जांच और पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

सुशासन के लिए समन्वय और जवाबदेही पर जोर
उपायुक्त ने बीडीओ और सीओ को राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप समन्वित ढंग से कार्य करने, जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने और योजनाओं की मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध सेवा वितरण और आमजन का विश्वास ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !