Hazaribagh: हजारीबाग के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, राहुल दुबे के सहयोगियों के किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए इलाके में पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। गोलीबारी के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो संदिग्ध घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा गया है। वहीं, तीसरा आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
रात 2:30 बजे मिली अपराधियों के पहुंचने की सूचना
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से कुछ लोग बाइक से गिद्दी इलाके में आने वाले हैं। सूचना के बाद गिद्दी पुलिस, उरीमारी थाना प्रभारी और सशस्त्र बल की टीम ने इलाके में अभियान शुरू किया। करीब 3:50 बजे पुराना कांटा घर रोड के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्ध पुलिस की नजर में आए।
पुलिस को देखकर भागने लगे तीनों आरोपी
पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। लेकिन संदिग्धों ने बाइक मोड़कर मौके से भागने की कोशिश की। कुछ दूरी पर उनकी बाइक गिर गई। इसके बाद तीनों बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इसी दौरान जंगल की तरफ से पुलिस पर फायरिंग किए जाने का दावा किया गया है।
जवाबी फायरिंग में दो आरोपी घायल
पुलिस के अनुसार, संदिग्धों की गोलीबारी के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर को गोली लगी। दोनों के पैर में गोली लगने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने दोनों को मौके से हिरासत में लिया और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया। वहीं, तीसरा आरोपी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
फरार आरोपी की तलाश में सर्च ऑपरेशन
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद गिद्दी और आसपास के इलाकों में पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
मौके से हथियार और मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से दो हथियार, गोलियां, खोखा, पर्चा और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध किस आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए इलाके में पहुंचे थे और उनके साथ फरार हुआ तीसरा व्यक्ति कौन है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।